सीतापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सीतापुर की सरजमीं पर ‘बच्चा-बच्चा चौकीदार’ के दिलाए गए संकल्प ने जिले के सियासी इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया। जिला एक बार फिर भगवा मय हो गया।
यहां मतगणना के शुरुआती रुझान भाजपा के पक्ष में आने शुरू हुए तो समर्थक खुशी से झूम उठे। फिजां में गुलाल उड़ने व आतिशबाजी से होली और दीवाली का नजारा एकसाथ दिखाई देने लगा।
मतगणना ज्यों-ज्यों अपने अंजाम की ओर बढ़ती रही ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ और ‘नमो-नमो’ की गूंज हर तरफ सुनाई देने लगी। कड़ी धूप के बीच भी भाजपा समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
सीतापुर संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा के 57 हजार की अपराजेय बढ़त बनाते ही ढोल की थाप पर समर्थक थिरकने लगे। देर शाम रुझानों के परिणाम में बदलते ही भाजपा समर्थक व कार्यकर्ता जश्न में डूब गए।
शहर के मिलिट्री ग्रास फार्म पर जनसभा के दौरान पीएम मोदी ने जनसमूह को शहर-शहर में चौकीदार, गांव में चौकीदार का संकल्प दिलाया था।
शहर के एटीसी परिसर में गुरुवार सुबह मतगणना शुरू हुई तो इस संकल्प का असर रुझानों में साफ नजर आया। शुरुआती दौर से ही भाजपा के राजेश वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गठबंधन प्रत्याशी नकुल दुबे से बढ़त बनानी शुरू कर दी।
हर राउंड के साथ बढ़त में इजाफा होता गया। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे तक भाजपा ने 17 हजार से ज्यादा वोटों से की बढ़त बना ली। हालांकि 13वें राउंड में गठबंधन प्रत्याशी से बढ़त का अंतर घटकर चार हजार पहुंच गया।
इससे भाजपा प्रत्याशी व समर्थकों की बेचैनी बढ़ गई। मगर अगले ही राउंड में भाजपा फिर से 8863 मतों से आगे हो गई। इसके बाद भाजपा ने फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा और बढ़त का क्रम 17 हजार, 19 हजार, 25 हजार, 40 हजार के बाद ज्यों ही 57 हजार का आंकड़ा पार हुआ भाजपा समर्थक ढोल-नगाड़े की थाप पर थिरकने लगे।
मतगणना स्थल के बाहर भाजपाइयों ने होली व दीवाली एकसाथ मनाई। देर शाम रुझानों के परिणाम में बदलने पर भाजपाई जश्न में डूब गए। फिर एक बार मोदी सरकार की गूंज फिजां में तैरने लगी। भाजपा समर्थक गुलाल लगाकर और मुंह मीठा कराते हुए एक-दूसरे को बधाई देने में मशगूल हो गए।