सीतापुर। सीतापुर संसदीय सीट से लगातार दूसरी व चौथी बार जीत हासिल करने वाले सांसद राजेश वर्मा ने प्राथमिकताएं गिनाईं। कहा कि पिछले कार्यकाल में जो योजनाएं अधूरी रह गई थी, उनको प्राथमिकता से पूरा कराएंगे।
जनता के हित के लिए बेहतर योजनाएं बनवाने में मदद करेंगे। जिस विभाग से संबंधित लोगों की समस्याएं होगी, उस विभाग में जाकर कैबिनेट मंत्री से मिलकर इनको दूर कराएंगे।
नवनिर्वाचित सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार दिलाएंगे। किसानों को उनकी फसल का वाजिब हक दिलाएंगे। जिले में रेलवे लाइन का विस्तार कराते हुए दोहरीकरण करवाएंगे।
जिले में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना होगी। व्यापारियों को न्याय दिलाते हुए उनकी समस्याएं प्राथमिकता से दूर कराएंगे। जिले में सड़कों व पुलों का जाल बिछाया जाएगा।
जिन स्थानों पर जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है, उसका समाधान होगा। गरीब महिलाओं को पेंशन योजनाओं का लाभ मिलेगा। घर की दिक्कतों को दूर कराया जाएगा। गांव में वह सभी सुविधाएं होगी, जो शहर में मिलती है।