हड़ताली कर्मचारियों ने मांगों को लेकर निगम गेट पर किया प्रदर्शन
सीतापुर। बीएसएनएल के अफसर-कर्मचारी सोमवार से तीन दिनी कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं। इनके हड़ताल पर जाने से निगम में आउट डोर व इन डोर दोनों कार्य पूरी तरह से ठप हो गए हैं। जिससे कि निगम के राजस्व काउंटरों पर पूरा तरह से सन्नाटा पसरा रहा। निगम में पहले सैकड़ों टेलीफोनों की बोलती बंद हो गई। पर किसी ने भी इन्हें हाथ तक नहीं लगाया है।
इससे उपभोक्ताओं को मुसीबतें उठानी पड़ीं। उधर, हड़ताली अफसर-कर्मचारी ने बीएसएनएल को फोर जी स्पेक्ट्रम का आवंटन समेत अन्य मांगों को मनवाने के लिए निगम के मुख्य गेट पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रबंधक को मांगपत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
भारत संचार निगम लिमिटेड में अफसर-कर्मचारियों को पंद्रह फीसदी फिटमेंट के साथ तृतीय पे रिवीजन का निराकरण, बीएसएनएल को फोर-जी स्पेक्ट्रम का आवंटन, पेंशन रिवीजन को पे रिवीजन से अलग किया जाए। बीएसएनएल के मोबाइल टॉवर का आउट सोर्सिंग के माध्यम से संचालन व रखरखाव का प्रस्ताव रद्द किया जाने आदि मांगें काफी समय से लंबित हैं।
बावजूद इसके अब तक इनकी समस्याएं निस्तारित नहीं हो पाई है। जबकि संगठन लगातार इन सब मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद किए हुए हैं। संगठन के जॉइंट एक्शन कमेटी ने सोमवार से तीन दिनी हड़ताल करने का ऐलान कर रखा है। संगठन के आह्वान पर रोजाना की तरह बीएसएनएल के अफसर-कर्मचारी ऑफिस पहुंचे मगर किसी ने भी पटलों पर बैठकर कार्य नहीं किया है।
सभी अपनी मांगों को मनवाने के लिए कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं। बाद में एकत्रित होकर हड़ताली कर्मचारियों ने निगम के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बीएसएनएल ईयू सीतापुर के जिला सचिव रमाकांत पाठक, धर्मेश शुक्ला, अवनीश पाल, अनुपम पोरवाल, उमाकांत मिश्रा आदि कर्मचारी शामिल हुए।