दो करोड़ से संवरेगी सरोजनी वाटिका
सीतापुर। शहर के सरोजनी वाटिका पार्क के दिन अब बहुरेंगे। अमृत योजना में इस पार्क पर दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस रकम से पार्क के अंदर सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। गुरुवार को पालिका अध्यक्ष ने इसकी विधिवत शुरुआत की है। ऐसे में अब जल्द ही शहरियों को पार्क में बेहतरीन सहूलियतें मिलेंगी।
सरोजनी वाटिका पार्क इस समय अव्यवस्थाओं के बीच जूझ रहा है। यहां पर झूले टूटे हुए पड़े हैं। फौव्वारा चलना बंद हो गए हैं। चारों तरफ घास फूस खड़ी हुई है। पहले जहां यहां पर सुबह शाम भीड़ लगती थी। अब जब सुविधाएं नहीं है तो लोगों ने आना जाना बंद कर दिया है।
इस पर केंद्र सरकार की अमृत योजना के तहत पार्क का चयन हुआ था। इससे बाशिंदों में खुशी थी, जल्द ही पार्क का कायाकल्प हो जाएगा। लेकिन विभागीय सुस्ती के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। आहिस्ता-आहिस्ता इस चयन को हुए करीब दो साल बीत गए हैं।
अब तो लोगों का विश्वास ही उठ रहा था। पर अब देर से ही पार्क के दिन बहुरने वाले हैं। पार्क पर दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे पार्क को तमाम सुविधाओं से लैस किया जाएगा। पार्क में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए सुविधाएं दी जाएंगी।
शासन ने पहली किश्त के रुप में 35 लाख रुपये का बजट दिया है। गुरुवार को पालिका अध्यक्ष राधेश्याम जायसवाल ने पार्क का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि छह माह के अंदर पार्क की पूरी तरह से सूरत बदल जाएगी। बाशिंदों को हर तरह की सुविधाएं मिलेंगी।
क्या रहेंगी सुविधाएं
दो करोड़ रुपये से पार्क में शानदार बाउंड्रीवॉल बनवाई जाएगी। यहां पर रंगफिरंगे पानी उगलते फौव्वारा लगवाए जाएंगे। टहलने के लिए फुटपाथ बनाया जाएगा। बच्चों के खेलने कूदने के लिए झूले लगाए जाएंगे। पूरे पार्क को शानदार लाइटों से सुसज्जित किया जाएगा। साथ ही यहां पर एक योगा केंद्र बनेंगे। इस केंद्र में बैठकर योगा किया जा सकेगा ।
हुई शुरुआत
पार्क में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। पहली किश्त से विकास कार्यों की शुरुआत हो गई है। जल्द ही काम पूर्ण कराया जाएगा।
-निहाल चंद, ईओ