जिले में स्वास्थ्य विभाग में लेटलतीफी थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल मिलीं। पिसावां व महोली में निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी से लेकर 15 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह शनिवार सुबहदस बजे अचानक पिसावां सीएचसी पहुंच गए।
सीएमओ ने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर देखा, तो पता चला कि केंद्र प्रभारी डॉ. डीपी भारती समेत डॉ. सोनम, डॉ. दीप्ति, गरिमा, विकास, राजकुमारी, मनोरमा, पुष्पा देवी, अवनीश मिश्रा, रामसुखी देवी, ऊषा मिश्रा अनुपस्थित थे। स्वास्थ्य केंद्र पर गंदगी फैली हुई थी।
सीएमओ ने नाराजगी जताई और साफ सफाई के निर्देश दिए। इमरजेंसी, भोजनालय, वार्र्ड आदि में सीएमओ को गंदगी मिली। वहीं अस्पताल परिसर में भी गंदगी व झाड़ियां उगी मिलीं। महोली पिसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने के साथ सीएमओ महोली सीएचसी पहुंचे। यहां पर स्वास्थ कर्मी मुन्नी शुक्ला, रानी मिश्रा, वीरेंद्र विक्रम व राजवीर सिंह अनुपस्थित मिले। यहां भी सीएमओ ने वार्डों का निरीक्षण किया।