बिसवां (सीतापुर)। उपजिलाधिकारी बिसवां शशिभूषण राय के नेतृत्व में सात विभागों ने एक साथ मिलकर बिसवां कस्बे में छापेमारी की। छापेमारी में होटलों में दूषित मिठाई बिकती मिली। यहां पर भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर प्रयोग हो रहे थे। अल्ट्रासाउंड केंद्र पर चिकित्सक नदारद मिले। चीनी मिल पर बिजली बिल बकाया मिला। इस पर टीम ने गड़बड़ी मिलने पर मिठाई नष्ट करते हुए बिजली बिल जमा कराया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने लखनऊवा स्वीट हाउस पर छापा मारा। यहां पर दूषित मिठाई बेची जा रही थी। जिस पर साढ़े पांच किलो पनीर, पांच किलो मावा, एक किलो काजू बर्फी, चार किलो छोला नष्ट कराया। अभिहित अधिकारी अरविंद कुमार यादव ने बताया कि मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य पदार्थो के नमूने लिए गए हैं।
इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। न्यू दीप स्वीट हाउस से सात घरेलू सिलेंडर मिले। ओम मिष्ठान भंडार से एक घरेलू गैस सिलेंडर, अनुज मिल्क प्रोडक्ट डेरी प्लांट पुरैनी से पांच घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इनका कॉमर्शियल प्रयोग हो रहा था।
बांट माप विभाग द्वारा न्यू दीप स्वीट्स, दुर्गेश रस्तोगी बर्तन भंडार, संगम वेलस, लखनऊवा स्वीट्स एवं नमकीन लखनऊवा स्वीट्स व अनुज फ्रेश एंड हेल्थी मिल्क का चालान किया। यहां बांट माप मानक के विपरीत मिले। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बिसवां डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापा मारा। यहां पर सोनोलॉजिस्ट अनुपस्थित मिले।
चंदन अल्ट्रासाउंड केंद्र रेउसा बंद मिला। पॉवर कॉर्पोरेशन ने सेकसरिया शुगर मिल पर छापा मारा। अगस्त का करीब 95 हजार तत्काल मौके पर जमा कराया। पुरैनी निवासी पुनीत कुमार घरेलू विद्युत कनेक्शन व्यवसायिक कार्य में प्रयोग करते हुए पकड़े गए। जिनका विद्युत कनेक्शन काट दिया गया। दिनभर चली इस कार्रवाई से व्यवसायिक प्रतिष्ठान में खलबली मची रही। इस दौरान तहसीलदार गिरीश झां, पूर्ति निरीक्षक शांतुन कुमार, बांट माप निरीक्षक अमर सिंह सहित अन्य वभिागो के अफसर मौजूद रहे।