सीतापुर। दीपावली की तैयारियों के लिए छह नवंबर तक बैंकों के कामकाज निपटा लें। कारण यह है कि इसके बाद लगातार पांच दिन बैंक बंद रहेंगे। त्योहार में खरीद-फरोख्त के चलते एटीएम भी दगा दे सकते हैं। ऐसे में पहले से तैयार रहना होगा। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज को बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद आगे दो दिन शनिवार और रविवार की छुट्टी होगी। इससे कभी भी नकदी की कमी हो सकती है। हालांकि बैंकों का दावा है कि वह छुट्टी के दिनों में कैश की किल्लत नहीं होने देंगे।
त्योहारों पर खरीदारी के लिए धन की अधिक आवश्यकता होती है। ऐसे में लोग बैंकों से धनराशि निकाल कर रख लेते हैं। अचानक रुपयों की जरूरत पड़ने पर एटीएम से आवश्यकता की पूर्ति करते हैं। इस बार दीपावली सात नवंबर को है। सात नवंबर को दीपावली का अवकाश रहेगा।
आठ नवंबर को गोवर्धन पूजा व नौ को भैया दूज का अवकाश है। महीने के दूसरे शनिवार व रविवार को नियमित अवकाश रहता है। इसलिए 10 को शनिवार व 11 नवंबर को रविवार के कारण बैंक बंद रहेंगे। अवकाश के इन पांच दिनों में बैंक ग्राहक एटीएम पर निर्भर हो जाएंगे। मगर, पांच दिनों के अवकाश में बैंक बंद रहने से बैंक प्रबंधन एटीएम में भी कैश नहीं रख पाएगा।
इससे अधितकर एटीएम शायद ही काम कर पाएं। हालांकि जिम्मेदारों का दावा हैं कि अवकाश के दिनों में भी एटीएम में कैश रखा जाएगा। पर जाहिर सी बात है कि बैंकों में लंबी छुट्टी से एटीएम में कैश की दिक्कत हो सकती है। ऐसे में अगर आपने अब तक कैश की व्यवस्था नहीं की है तो अगले चार से पांच दिन आपको कैश की किल्लत हो सकती है। इसलिए जरूरी है कि छह नवंबर तक लोग बैंक के कामकाज निपटा लें और जरूरत के मुताबिक कैश की व्यवस्था कर लें, जिससे उन्हें त्योहार के दौरान पड़ने वाले अवकाश में कैश की किल्लत से न जूझना पड़े
जिला अग्रणी प्रबंधक प्रवीण कुमार ने कहा कि दीपावली पर लगातार पांच दिनों तक बैंक बंद रहेंगे। इस अवधि में कैश की कोई किल्लत नहीं रहेगी। समय-समय पर एटीएम में कैश रखवाया जाएगा।
तीन-तीन दिन की छुट्टी और भी
नवंबर में ही छठ पर्व, गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस और ईद-ए-मिलाद जैसे त्योहारों की भी छुट्टियां हैं। ऐसे में इस माह के अंत में 23 नवंबर को ईद-ए-मिलाद की छुट्टी रहेगी। जबकि अगले दिन यानी शनिवार 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस पर भी अवकाश रहेगा। 25 नवंबर को रविवार को बैंक में अवकाश रहेगा।