सीतापुर के थाना अटरिया इलाके में ईद के त्योहार पर लगे एक मेले में आइसक्रीम खाने से 14 बच्चे फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। परिजनों ने उनको सीएचसी में भर्ती कराया है, जहां सभी का इलाज जारी है। पुलिस ने आइसक्रीम विक्रेता को हिरासत में ले लिया है। आइसक्रीम का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा कुछ ऐसे भी बच्चे थे, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
मंगलवार को ईद के अवसर पर अटरिया इलाके में पड़ने वाले गांव मनवा में मेला लगा हुआ था। मेले में एक आइसक्रीम विक्रेता ने बच्चों को आइसक्रीम बेची। आइसक्रीम खाने से बच्चों की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने जब बच्चों से हालत बिगड़ने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया की आइसक्रीम खाने से उनकी तबीयत बिगड़ी है। आनन-फानन में एक ही गांव के शाकिब, सारिफ, अकिब, अबू आफताब, आयशा, रहनुमा, उमेवा, इरफान, साफिया अल्फिया, फौजिया खातून, चांद बाबू, इकरा आदि करीब 14 से अधिक बच्चों को सीएचसी सिधौली में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। इसके अलावा कुछ और बच्चों की भी तबियत बिगड़ी है। जिनको परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।