सीतापुर। बेसिक शिक्षा विभाग की दो दिवसीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता आज से शुरू होगी। दो दिन नौनिहाल मेजर ध्यानचंद स्टेडियम के मैदान पर पसीना बहाएंगे। इस प्रतियोगिता में 19 विकासखंड व नगर क्षेत्र के नौनिहाल प्रतिभाग करेंगे। इसको लेकर रविवार को दिनभर तैयारियां चलती रहीं। मैदान पर चूना डालने से लेकर अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त की गईं।
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिवर्ष जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता कराई जाती है। इससे पहले ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता होती है। चालू शैक्षिक सत्र में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न हो चुकी है। इस प्रतियोगिता में चयनित नौनिहाल जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपना हुनर दिखाएंगे। यहां से सफल खिलाड़ी मंडल व राज्य स्तर तक की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा ने बताया कि जनपद स्तर पर एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, योगा, व्यायाम व विशेष प्रदर्शन की प्रतियोगिता होगी। एथलेटिक्स (दौड़, कूद व क्षेपण) में प्रति इवेंट एक प्रतिभागी विकासखंड का प्रथम स्थान प्राप्त ही जनपद पर प्रतिभाग करेगा। टीम इवेंट में 10 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
ब्लॉक से जनपद स्तर तक खिलाड़ियों को लाने की जिम्मेदारी बीईओ की होगी। बीएसए की तरफ से नौनिहालों को ठहरने के लिए स्थान दिया जाएगा। वहां पर रहने से लेकर खाने तक की व्यवस्था बीईओ की होगी। जिला से चयनित प्रतिभागी 24 व 25 नवंबर को लखीमपुर जनपद में होने वाली मंडलीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
बीएसए अजय कुमार ने कहा कि जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता की तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। सोमवार की सुबह सभी बीईओ अपने विकासखंड के नौनिहाल लेकर मैदान तक पहुंचेंगे। नौनिहालो को सभी सुविधाएं दी जाएंगी।