बरेली उर्स से वापस बहराइच जाते समय बिसवां में टायर फटने से हुआ हादसा
बिसवां (सीतापुर)। बरेली उर्स से वापस बहराइच जा रही एक प्राइवेट बस मंगलवार की भोर बिसवां-बहराइच मार्ग पर अगला टायर ब्लास्ट होने से पलट गई। इस हादसे में एक अकीदतमंद की मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल अकीदतमंद बहराइच रवाना हो गए।
बहराइच जिले से अकीदतमंदों की एक बस उर्स-ए-अलहा हजरत बरेली गई थी। इस प्राइवेट बस में 60 अकीदतमंद सवार थे। सोमवार को बरेली से बस वापस बहराइच के लिए रवाना हुई। मंगलवार की भोर करीब तीन बजे बिसवां कोतवाली इलाके से बस गुजर रही थी।
इसी दरम्यान बहराइच-बिसवां मार्ग पर भोलागंज गांव के करीब अचानक बस का अगला टायर ब्लास्ट हो गया। नतीजतन, बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई। इस हादसे में अकीदतमंद गुलाम अहमद (18) पुत्र नियाज अहमद निवासी लक्ष्मणपुर कोठी थाना मल्हीपुर बहराइच बस के नीचे दब गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि मो. कलीम निवासी नूरुद्दीन चक थाना दरगाह शरीफ बहराइच, महफूज निवासी मंसूरगंज थाना दरगाह शरीफ बहराइच, मो. अल्ताफ निवासी मोहनपुर माफी थाना प्रयागपुर बहराइच, मो. सुलेमान निवासी दुधवापुर थाना रानीपुर बहराइच तथा असीन अहमद निवासी पाखरपुर थाना पाखरपुर बहराइच गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस के नीचे दबे अकीदतमंद का शव बाहर निकालकर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल बहराइच रवाना हो गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हादसे में बाइक सवार दो युवक जख्मी
सिधौली। कोतवाली इलाके में मंगलवार को मिनी ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। थानाक्षेत्र अटरिया के उनई पुरवा में रहने वाले जितेन्द्र कुमार और सत्यदेव गौतम बाइक द्वारा किसी काम से बिसवां जा रहे थे।
सिधौली-बिसवां मार्ग पर चौड़िया गांव के करीब उनकी बाइक में एक मिनी ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों युवक बुरी तरह से जख्मी हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया है।