प्रदर्शन के दौरान तीन शिक्षामित्रों की बिगड़ी हालत
जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
समायोजन रद होने से आक्रोशित शिक्षामित्रों का प्रदर्शन
हरगांव विधायक को सौंपा ज्ञापन
सीतापुर। समायोजन रद होने से आक्रोशित शिक्षामित्र मंगलवार को भी विकास भवन के समक्ष धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शन के दौरान तीन शिक्षामित्र की हालत बिगड़ गई। इसके बाद तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उनकी हालत सामान्य है। वहीं शिक्षामित्रों ने मांगों को लेकर हरगांव विधायक सुरेश राही को ज्ञापन देकर न्याय की गुहार लगाई।
पिछले एक सप्ताह से शिक्षामित्र बीएसए कार्यालय व विकास भवन के समक्ष धरना दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार हम लोगों के प्रति बहुत ही लापरवाह रवैया अपनाए है। लाखों लोग अपना घर छोड़कर आंदोलन करने को मजबूर हैं लेकिन सरकार तक आवाज नहीं पहुंच रही है। कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता, धरने पर ही बैठे रहेंगे। मंगलवार को भारी उमस के चलते रामप्रकाश गोंदलामऊ, सुदामा देवी मिश्रिख व शर्मा देवी बेहोश हो गई। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। शिक्षामित्रों ने कहा कि सहायक अध्यापक से नीचे कुछ भी मंजूर नहीं करेंगे। इसके लिए हर आंदोलन करने को तैयार हैं। इस मौके पर बनवारी लाल गौतम, आकाश, नीलेश वर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
विधायक पहुंचे जिला अस्पताल
तीन शिक्षामित्र की हालत खराब होते ही उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी सूचना पाकर सदर विधायक राकेश राठौर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शिक्षामित्रों का हालचाल लिया। डॉक्टरों से इलाज के बारे में जानकारी पूछी।