दीवार ढही, मजदूर की दबकर मौत
थानगांव (सीतापुर)। थाना इलाके के दरियापुर गांव में बुधवार की सुबह पड़ोस स्थित कच्ची दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। जिसके मलबे में दबने से मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मजदूर दीवार की नीव खोद रहा था, उसी समय यह हादसा हो गया। परिवारीजन बिना कार्रवाई के शव को घर उठा ले गए। तहसील प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है।
थानगांव थाना इलाके के थानगांव कस्बा निवासी कासिम (28) पुत्र याकूब अली क्षेत्र के ही दरियापुर निवासी मेहंदी के यहां मजदूरी करने गया था। बुधवार की सुबह कासिम, मेहंदी के यहां कच्ची दीवार के बगल में नींव खोद रहा था। इसी बीच अचानक कच्ची दीवार भरभरा कर ढह गई। जिससे कासिम उसके मलबे में दब गया। दीवार गिरने पर लोग दौड़े और आनन फानन में दीवार का मलबा हटाकर कासिम को बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। कासिम की दीवार के मलबे में दबने से मौत हो गई थी। जिसके बाद लोगों ने मृतक के परिवारीजन को सूचना दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव को लेकर घर चले गए। बताते हैं कि परिवार के लोगों ने कोई कार्रवाई नहीं की है। तहसील प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है।