सीतापुर। दिवाली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के 13 नमूने संग्रहीत कर जांच के लिए लैब भेजे। आगे की कार्रवाई नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर की खोया मंडी से खोया के चार नमूने लिए। इसके अलावा लालबाग घंटाघर स्थित अशोक ट्रेडर्स से मिल्क केक, चंद्रिका मिठाई, सोन पापड़ी, पतीशा, कॉन्टिनेंटल हिमानी माजा सॉस और लॉज के छह नमूने लिए गए। वहीं, रिशू स्वीट्स से बूंदी और इमरती व मोती स्वीट्स से इमरती और बालूशाही के नमूने संग्रहीत कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय अमित कुमार सिंह ने बताया कि नौ अक्तूबर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक कुल 135 नमूने संकलित किए जा चुके हैं। इस दौरान लगभग 220.5 लीटर सरसों का तेल, जिसकी अनुमानित कीमत 1,70,420 रुपये है। 216 किलोग्राम रसगुल्ला, जिसकी कीमत करीब 31,200 रुपये है, सीज किया गया है। उन्होंने बताया कि यह अभियान दिवाली चत जारी रहेगा। आम नागरिक खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायत फूड सेफ्टी कनेक्ट एप व विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-180-5533 पर दर्ज करा सकते हैं।