महमूदाबाद ( सीतापुर)। महमूदाबाद से रेउसा वाया बहराइच मार्ग पर रोडवेज बसें चलने से यहां के लोगों के चेहरे खिल उठे थे, लेकिन अब इनकी खुशी काफूर हो गई है। कारण यह है कि इस रूट पर लखनऊ से महमूदाबाद रेेउसा होकर बहराइच तक जाने वाली चार बसें पिछले एक हफ्ते से रोक दी गई हैं। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
घाघरा नदी पर करोड़ों की लागत से चहलारी घाट पर करीब सवा तीन किमी लंबे पुल के निर्माण के साथ रेउसा तक महमूदाबाद से सड़क का चौड़ीकरण व उच्चीकरण के कार्य पर अरबों रुपये खर्च होने का लाभ क्षेत्रवासियों को नहीं मिल पा रहा है। बीच में कुछ दिन महमूदाबाद से रेउसा होते हुए बहराइच तक परिवहन निगम द्वारा करीब एक दर्जन बसें चलनेे से लोगों ने कुछ राहत महसूस की थी। पर क्षेत्रवासियों की राहत अधिकारियों को रास नहीं आई और बसें बंद कर दीं।
बसें बंद हो जाने से महमूदाबाद को कानूनी, व्यापारिक, शिक्षा व चिकित्सा जैसे आवश्यक कार्यों को लेकर आने-जाने वाले रेउसा, मियापुरवा, कोदौरा, धमौड़ा, थानगांव, सुजातपुर, चंदौली, गुडै़चा, जरावन, पर्वतपुर, गौरा, मुरादपुर, अजलतपुर, बंसतीपुर, बसावनपुर, सेमरी, डफरा, समरदहा, रूदाइन, करीमगंज सहित दर्जनों अन्य गांवों के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
महमूदाबाद परिवहन निगम के बस स्टेशन अधीक्षक निर्मल वर्मा ने बताया कि बहराइच जाने के लिए बढ़ाई गई बसें इस समय करीब दस दिन से बंद हैं। कैसरबाग डिपो लखनऊ के अधिकारियों से वार्ता हुई, पर कोई नतीजा नहीं निकला। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय एक बस बहराइच के लिए कैसरबाग से चल रही है। जो महमूदाबाद रात्रि विश्राम के बाद सुबह पांच बजे लखनऊ जाती है।
लखनऊ से नौ-दस बजे के बीच लौटने के बाद बहराइच जाती है और बहराइच से करीब तीन बजे वापस आकर पुन: लखनऊ चली जाती है। सायं पांच व छह बजे के बीच महमूदाबाद से रेउसा तक जाकर लौटने के बाद महमूदाबाद में रात्रि विश्राम करती है।
स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि महमूदाबाद से प्रतिदिन ढाई व पांच बजे दिल्ली जाने के लिए तथा सवा दस बजे शाहजहांपुर के लिए प्रतिदिन तथा अजमेर, राजस्थान के बालाजी, पुष्कर, भरतपुर, दौसा के लिए प्रतिदिन नौ बजे बस है।
इसके अलावा सायं साढ़े पांच बजे रामपुर मथुरा के गोंडा देवरिया के लिए बस चल रही है। उन्होंने बताया कि परिवहन सुविधा के लिए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सीतापुर विमल राजन से वार्ता हुई है। शीघ्र ही बंद बसों को संचालित करने का आश्वासन दिया गया है।