इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में ससुराल आए युवक की संदिग्ध हालात में जहरीले पदार्थ का सेवन करने से अचानक हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। युवक के पिता ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लखीमपुर खीरी जिले के थाना क्षेत्र मितौली के सरैंया निवासी अवधराम पुत्र बाबू राम की शादी करीब तीन साल पहले इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर में रहने वाली काजल पुत्री विनोद के साथ हुई थी। अवधराम भैया दूज के दिन अपनी पत्नी काजल को लेकर ससुराल आया था।
शनिवार की सुबह चाय पीने के बाद अवध राम को उल्टी हुई और वह अचेत होकर गिर गया। सूचना पाकर अवध के परिवारीजन भी आ गए। हालत बिगड़ती देख परिवारीजन व ससुराली आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले गए।
हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई गई। लखनऊ पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता बाबूराम ने अपनी बहू समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए इमलिया सुल्तानपुर पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी राय साहब द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।