गर्मी का नहीं हुआ अहसास, अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार
सीतापुर। सावन की झड़ी गुरुवार को दिन भर बरसती रही। रिमझिम फुहारें बरसने से पारे में तीन डिग्री की गिरावट आई। फुहारों ने मौसम सुहाना कर दिया तो लोगों को गर्मी का अहसास नहीं हुआ। दिनभर रुक-रुककर उमड़ते-घुमड़ते काले बादलों से फुहारें गिरती रहीं।
हालांकि जिले के किसी भी क्षेत्र में तेज बारिश नहीं हुई। मौसम वैज्ञानिक आगामी तीन दिनों तक प्रतिदिन थोड़ी-बहुत बारिश की संभावना व्यक्त कर रहे हैं। गुरुवार को सुबह से हल्की-हल्की फुहारें गिरनी शुरू हो गईं। शहर से लेकर गांव तक रुक-रुककर बरसात होती रही।
दोपहर बाद कुछ समय के लिए फुहारें थमीं। लेकिन छाए काले बादलों के बीच बूंदाबांदी होती रही। दिन भर सावन की झड़ी बरसती रही। जिससे बुधवार के मुकाबले गुरुवार को अधिकतम पारे में तीन डिग्री की गिरावट आई। लिहाजा, मौसम खुशगवार हो गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आगामी तीन दिनों तक कहीं मध्यम व कहीं तेज बारिश होने की उम्मीद है।