रामकोट और रामपुर कलां थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे
सीतापुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर बीते 24 घंटों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जान गंवाने वाले तीनों लोग बाइकों पर ही सवार थे।
महोली कोतवाली क्षेत्र के पीतपुर निवासी बबलू (25) मोटर साइकिल से कहीं जा रहा था। इसी दौरान रामकोट थाना क्षेत्र में सीतापुर-हरदोई मार्ग पर ग्राम खटकरी के निकट किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला चालक वाहन समेत निकल भागा।
इधर मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहद्दीनपुर निवासी फिरोज आलम (27) हरदोई जिले में एक कंपनी में काम करता था। बुधवार की शाम वह अपने साथी अतीक के साथ बाइक से वापस अपने घर आ रहा था। रास्ते में रामकोट कस्बे के निकट सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी टक्कर हो गई।
इससे फिरोज व अतीक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय नागरिक घायलों को लेकर सीएचसी मिश्रिख गए। यहां पर नाजुक हालत देख चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिरोज ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
रामपुर कलां थाना क्षेत्र के ग्राम लच्छीपुर निवासी श्रीकांत (45) अपने मित्र ग्राम डिकोली निवासी अनिल कुमार (40) के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खैराबाद थाना क्षेत्र में सामने से आ रही एक अन्य बाइक ने टक्कर मार दी।
इससे श्रीकांत उछलकर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान उधर से गुजर रहे चौपहिया वाहन ने उस को रौंद दिया। पुलिस श्रीकांत व अनिल को लेकर जिला अस्पताल भागी लेकिन श्रीकांत ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर उसको भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।