12 की चोटी कटी, लोग हैरान
सीतापुर जिले में चोटी काटने की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है। गुरुवार को भी जिले के सात स्थानों पर चोटी कटने के मामले सामने आए हैं।
इनमें तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मामलों में पीड़ितों ने बताया कि वे यह नहीं जान सकीं कि चोटी किसने और कैसे काटी। लगातार बढ़ रहीं शिकायतों से लोग भी हैरान हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तामसेनगंज निवासी गंगादेवी (21) की गुरुवार सुबह घर में चोटी कट गई। परिवारीजनों ने बताया कि चोटी किसने काटी, इसका पता नहीं चल सका।
थानगांव क्षेत्र के ग्राम कुंदौरा निवासी आरती देवी (25) की भी चोटी कट गई। आरती भी नहीं बता सकी, कि चोटी कैसे कटी। अटरिया क्षेत्र के ग्राम भटपुरवा निवासी रामरानी (60) बुधवार की रात घर के बाहर सो रही थी।
सुबह जब नींद से जागी तो उसकी चोटी कटी मिली। चोटी कैसे कटी, इसे वह नहीं बता सकी। मिश्रिख क्षेत्र के ही ग्राम नरसिंघौली निवासी राजेश्वरी देवी (40) गुरुवार की दोपहर चारपाई पर लेटी थी।
जगने पर उसकी चोटी भी कटी मिली। राजेश्वरी देवी भी नहीं बता सकी कि चोटी कैसे कटी। इसी क्षेत्र के ग्राम करियाडीह निवासी जयदेवी(55) की भी चोटी कट गई। उसने बताया कि उसे कुछ नहीं पता कि चोटी कैसे कटी।
इसी तरह संदना क्षेत्र के अमटामऊ निवासी मीना कुमारी(25) घर में सो रही थी। जगने पर उसकी चोटी कटी मिली। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। उसे स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
सदरपुर क्षेत्र के जंहगीराबाद निवासी तमरा फरहीन (12) के बाल भी कट गए। वह बुधवार शाम छत पर कपड़े उतारने गई थी। वापस आई तो उसे लगा कि उसके बाल कट गए हैं। उसकी चोटी छत पर पड़ी थी।
महमूदाबाद क्षेत्र के लैलकलां निवासी शोभादेवी (35) कमरे में लेटी थी। उसकी चोटी भी कट गई। उसने बताया कि उसे कमरे में बिल्ली जैसी आहट महसूस हुई उसके बाद उसने देखा कि चोटी कट चुकी थी।
तालगांव क्षेत्र के ग्राम मदारपुर निवासी माया देवी (18) की भी चोटी घर में कटी मिली। माया देवी भी नहीं बता सकी कि उसकी चोटी कैसे कटी।
रेउसा निवासी रुक्सार (23) बुधवार की रात कमरे की छत पर थी। उसकी भी चोटी कट गई। उसे रेउसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संदना थाना क्षेत्र के ग्राम मढिय़ा रामपुर निवासी नंदराम की अनीता (25) की चोटी भी कट गई। इसी गांव की लीलावती (45) की भी चोटी कटी मिली। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संदना के मढिया चरणदास निवासी पुष्पा (40) की चोटी भी कट गई।