लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को यात्रियों से भरी बस खाई में पलट गई। हादसे में 12 लोगों से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती करया गया। फ्रैक्चर होने के चलते इनमें से दो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बिसावां की तरफ से आ रही बस इलाके के लहरपुर-बिसवां मार्ग पर सूर्यकुंड गांव के पहुंची ही थी कि यहां से एक तेज रफ्तार जीप सामने आ गई। जीप को बचाने के लिए बस ड्राइवर ने तेज ब्रेक लगाए और स्टेयरिंग काटी। बस सड़क के किनारे खाई में पेड़ से टकराकर पलट गई।
हादसे में तेंदवा मानपुर की उर्मिला (30) व साधना (18), समैसा तालगांव की मुन्नी देवी (60) और उनका बेटा आदर्श, भदमरा रेउसा के आनंद (7), बिसवां की राजेश्वरी और मुद्रासन हरगांव की रामश्री ( 55) घयाल हो गईं। सूचना मिलने पर लहरपुर विधायक प्रतिनिधि उमाशंकर वर्मा मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस बुलाई।
घायलों को सीएचसी लहरपुर ले जाया गया। गंभीर हालत होने के चलते आनंद और साधना को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी का इलाज सीएचसी में ही जारी रखा गया है। कोतवाल राय साहब द्विवेदी ने बताया कि फ्रैक्चर होने के चलते दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।