रामगढ़ (सीतापुर)। सीतापुर और हरदोई जिले की सीमा पर संदना क्षेत्र स्थित गोमती के कछार के किनारे अवैध शराब के कारोबार का मंगलवार को भंडाफोड़ हुआ। नदी की तलहटी के करीब के कई गांवों में शराब की भट्ठियां धधक रही थी। सीतापुर और हरदोई जिले की आबकारी टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में लहन, अवैध शराब के साथ कई भट्ठियां पकड़ी हैं। इस मामले में सात अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जिला आबकारी अधिकारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि संदना इलाके में गोमती नदी के किनारे कई गांवों में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। कई गांव हरदोई जिले की सीमा पर स्थित हैं। इसको लेकर हरदोई की आबकारी टीम के साथ मंगलवार को संदना इलाके के गोड़ियनपुरवा, चेरेताली, गनेशपुर में छापा मारकर करीब 2800 लीटर लहन बरामद किया गया।
बरामद लहन को नष्ट करा दिया गया है। मौके से करीब 110 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई हैं। शराब की 12 भट्ठी पकड़ी गई है। कार्रवाई के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई में मिश्रिख आबकारी इंस्पेक्टर आरके यादव, आबकारी इंस्पेेक्टर सदर अरुण कुमार, आबकारी इंस्पेेक्टर विजय बहादुर, आबकारी इंस्पेक्टर लहरपुर शैलेंद्र कुमार नाहर, आबकारी इंस्पेक्टर महमूदाबाद गुंजन सक्सेना, आबकारी निरीक्षक महोली, हरदोई के आबकारी निरीक्षक संडीला दिलीप कुमार वर्मा शामिल रहे। एसओ संदना का कहना है कि मामले में अज्ञात में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
काफी समय से चल रहा कारोबार
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि गोमती के कछार के किनारे गांवों में ये कारोबार काफी समय से चल रहा था। इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। जिसमें संदना के चार और हरदोई के तीन आरोपी शामिल है। दोनों जिलों की संयुक्त टीमों ने भीखपुर, ऐमाघाट, मढ़िया में भी छापा मारा है।
पंचायत चुनाव में शराब खपाने की थी तैयारी
आबकारी विभाग द्वारा संदना इलाके से पकड़ी गई भारी मात्रा में कच्ची शराब आगामी पंचायत चुनाव में खपाने की तैयारी थी। आबकारी विभाग के सूत्रों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार चल रहा है। पंचायत चुनाव होने हैं। जिसके चलते कुछ उम्मीदवार वोटरों को लुभाने के लिए देशी शराब का इस्तेमाल करते हैं। इसी को लेकर अवैध शराब निर्माण से जुड़े लोग शराब भट्ठियां लगाकर बड़े पैमाने पर शराब बना रहे थे। बरामद शराब पंचायत चुनाव में खपाने के लिए तैयार की गई थी। शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।