थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। दोनों के सिर पर ही चोट आई है।
डॉक्टरों ने घायल की हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। कोतवाली व नगर लहरपुर निवासी संदीप (30) पुत्र मंगूलाल रविवार को बाइक से हरगांव की तरफ आ रहा था।
दूसरी तरफ हरगांव क्षेत्र के बरियाडीह गांव निवासी पंकज सिंह (26) पुत्र हरवंश बाइक से हरगांव से घर लौट रहा था। लहरपुर-हरगांव मार्ग पर भैरमपुर गांव के करीब दोपहर करीब दो बजे दोनों बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज हुई कि दोनों बाइकों के परखचे उड़ गए। हादसे में संदीप के सिर में चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई जबकि पंकज के सिर में चोट आने से वह बेहोश हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। यदि हेलमेट लगाए होते तो चोट लगने की आशंका कम थी। घायल को सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।