सीतापुर। शहर के आटो चालक यूनियनों की संयुक्त बैठक बुधवार को रामलीला मैदान तरीनपुर में आयोजित की गई, जिसमें यूनियन पदाधिकारियों ने ऑटो चालकों को प्रशासन की ओर से तय किए गए मार्गों पर चलने के लिए अपील की गई।
सर्व ऑटो चालक एसोसिएशन के शिवाकांत शुक्ला ने कहा कि ऑटो चालकों को प्रशासन द्वारा निर्धारित रूटों पर ही चलना है। उन्हें यातायात नियमों का पालन भी हर हाल में करना चाहिए। अशरफ बाबा ने कहा कि ऑटो चालक निर्धारित स्थल से ही सवारियां बैठा लें और उतारें।
विनय बाजपेई ने कहा कि समिति का उद्देश्य है कि ऑटो रिक्शा से शहर में किसी भी जगह जाम न लगे और निर्धारित रोड पर ही ऑटो रिक्शा चलाया जाए। देशदीपक त्रिपाठी ने कहा कि प्रशासन की ओर से निर्धारित मार्ग पर ऑटो चलाकर चालकों को यातायात दुरुस्त बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर जय माँ ललिते ऑटो ओनर्स एसोसिएशन एवं सर्व चालक कल्याण समिति के राकेश मिश्रा, दिनेश तिवारी, मुशर्रफ, पप्पू, शमशुद्दीन, आशाराम आदि मौजूद रहे।