सीतापुर। शहर के हुसैनगंज पावर हाउस में मरम्मत के चलते शुक्रवार को पूरे जिले में करीब छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बत्ती गुल होने से न सिर्फ सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा, बल्कि लघु एवं कुटीर उद्योगों के चक्के भी जाम रहे। यही नहीं कई इलाकों में बाशिंदे पेयजल की समस्या से भी जूझते रहे। जिले में छह घंटे तक बिजली न मिलने से उपभोक्ताओं को दिक्कतों से जूझना पड़ा।
पूरे जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक तो विद्युत आपूर्ति बहाल थी। पर अचानक शहर के हुसैनगंज पावर हाउस में तकनीकी खामी आ गई। जिसके चलते समूचे जिले की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
शुरुआत में कुछ समय तक किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद जानकारी करने पर पता चला कि हुसैनगंज पावर हाउस में आई खामी को दुरुस्त किया जा रहा है। जिस कारण बिजली आपूर्ति ठप है। सूचना के बाद पावर कॉर्पोरेशन के अफसर और कर्मचारी खराबी को दुरुस्त करने में जुट गए।
विद्युत आपूर्ति बाधित होने से सरकारी दफ्तरों में कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया। यही नहीं घरों के इनवर्टर भी दगा दे गए, जिस कारण घरेलू उपकरण शोपीस बन गए। कुछ लोगों के समक्ष बिजली गुल होने के चलते पेयजल की समस्याएं आईं। लोग पेयजल के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। करीब पांच बजे के बाद जिले की बाधित बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। तक कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
वर्जन
हुसैनगंज पावर हाउस में मरम्मत का काम चल रहा था। जिस कारण समूचे जिले की विद्युत आपूर्ति बाधित थी। खराबी को दुरुस्त कर पूरे जिले की बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई है।
- रवि कुमार, उप मंडलीय अभियंता, पावर कॉर्पोरेशन