329 नए लेखपालों को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी
सीतापुर। योगी सरकार के निर्देश पर हड़ताली लेखपालों के खिलाफ प्रशासन की ओर से सख्त रुख अपनाए जाने का असर यह रहा कि सात लेखपालों ने जॉइनिंग दे दी है। उधर, प्रशासन द्वारा 329 नए लेखपालों को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने आवश्यक सेवाओं का अधिनियम के तहत लेखपालों की हड़ताल को अवैध करार दिया है। जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाते हुए विगत गुरुवार को लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष सहित सभी सात तहसील अध्यक्षों को निलंबित कर 519 लेखपालों को नोटिस जारी करते हुए काम पर न लौटने की दशा में बस्ता जमा करने की चेतावनी दी गई थी।
इसका असर यह रहा कि शुक्रवार को सात लेखपालों ने जॉइनिंग दे दी। जॉइनिंग देने वालों में पांच लेखपाल सिधौली तहसील के एक सदर तहसील का और एक लेखपाल मुख्यालय का है। एडीएम विनय पाठक ने बताया कि 329 नए लेखपालों को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है।