हफ्तेभर में दो दिन सीएचसी में भी मिलेंगे मानसिक रोग विशेषज्ञ
सीतापुर। जिला अस्पताल में तैनात मानसिक रोग विशेषज्ञ अब सप्ताह में दो दिन सीएचसी में अपनी सेवाएं दे सकेंगे। ऐसे में मरीजों को बार-बार जिला अस्पताल तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
जिला अस्पताल पर एक मानसिक विशेषज्ञ तैनात है। जबकि जिले के 20 सामुदायिक व 60 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एक भी मानसिक रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं है। ग्रामीण क्षेत्र के मानसिक रोगी इलाज के लिए जिला अस्पताल पर ही निर्भर रहते हैं। इसको लेकर सीएमओ ने ग्रामीण क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाने का मन बनाया है। सीएमओ ने निर्देश दिए हैं कि अब जिला अस्पताल में तैनात मानसिक रोग विशेषज्ञ सप्ताह में दो दिन जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचेंगे। उसी स्वास्थ्य केंद्र पर वे उस क्षेत्र के मानसिक रोगियों का परीक्षण करेंगे। सीएमओ ध्रुवराज सिंह कहते हैं, कि इस व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों व उनके तीमारदारों को जिला अस्पताल तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।