सीतापुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत बीएलओ की ओर से दवा और आपत्ति प्राप्त किए जा रहे हैं। इसके तहत सर्वाधिक आवेदन मतदाता बनने के लिए आ रहे हैं। तकरीबन 113,000 लोगों ने इसके लिए फॉर्म 6 भरकर बीएलओ को दिया है। इसके साथ ही अपात्रों के नाम काटने और मतदाता सूची में अंकित त्रुटियों को सही करने के लिए भी फॉर्म जमा किए जा रहे हैं।
विधानसभा की मतदाता सूची में नाम दर्ज करने, अपात्रों के नाम काटने और संशोधन के लिए फार्म जमा करने का कार्य चल रहा है। इसके तहत मंगलवार तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों से तकरीबन 1,13,000 लोगों ने आवेदन किया है। इसमें विधानसभा सीतापुर से सर्वाधिक 25,000 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। अपात्रों के नाम काटने के लिए 4280 लोगों ने फॉर्म 7 भरकर जमा किया है।
इसी तरह विभिन्न प्रकार की त्रुटियों को सही करने के लिए 28,900 फॉर्म 8 बीएलओ को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इन सभी फॉर्मों की जांच करने के बाद उन्हें निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड करने का कार्य किया जा रहा है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बीना बहुगुणा ने बताया कि दावे और आपत्ति प्राप्त करने का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है।