तंबौर में ताबड़तोड़ के हमले से कस्बे में दहशत
तंबौर (सीतापुर)। खूंखार कुत्तों के हमलों को लेकर काफी समय तक सुर्खियों में रहे सीतापुर जनपद में एक बार फिर कुत्ते के हमले का मामला सामने आया है। तंबौर कस्बे में बुधवार को एक पागल कुत्ते ने छह बच्चों समेत सात लोगों को जख्मी कर दिया। इनका सीएचसी में इलाज कराया गया।
बताते हैं कि बुधवार की सुबह करीब 12 बजे दो वर्षीय अदीबा पुत्री शादाब निवासी मोहल्ला शिर्ष टोला घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच अचानक एक कुत्ता हमलावर हो गया। कुत्ते ने बालिका को काट लिया। खून से लहूलुहान मासूम की चीख-पुकार को सुनकर परिवार के लोग घर से बाहर आए तो कुत्ता वहां से भाग निकला।
इसके अलावा इसी मोहल्ले में सड़क पर खेल रहे चार वर्षीय शाद पुत्र खुर्शीद, तीन वर्षीय हंजला, तीन वर्षीय रूही को भी उस पागल कुत्ते ने काट लिया। इसी कुत्ते ने मोहल्ला शेखन टोला में आठ वर्षीय फैजान, पांच वर्षीय रोशनी, पच्चीस वर्षीय शकील को भी काटकर घायल कर दिया।
पागल कुत्ते के अचानक कई लोगों पर हमला करने से लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने अपने बच्चों को घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी है। कुछ लोग इस कुत्ते की तलाश में भी जुटे रहे। हालांकि अब तक पालिका प्रशासन की ओर से पागल कुत्ते को पकड़ने को लेकर कोई कवायद शुरू नहीं की गई है।
ईओ नगर पंचायत मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि बच्चों पर पागल कुत्ते के हमले की जानकारी हुई है। उसको पकड़ने के लिए नगर पंचायत की ओर से एक टीम गठित की जा रही है। कुत्ते को तलाश कर पकड़ा जाएगा।
सीतापुर में 13 बच्चों की कुत्तों के हमले से जा चुकी है जान
जिले के खैराबाद इलाके से पिछले साल शुरू हुए कुत्तों के हमले का सिलसिला महीनों तक चलता रहा। खैराबाद सहित अन्य क्षेत्रों में जानलेवा बने कुत्तों ने बच्चों पर हमला कर लगभग 13 बच्चों को नोच कर मार डाला था। इसके अलावा सौ से अधिक लोग हमले में जख्मी हुए थे।
उस वक्त यह घटना पुलिस व प्रशासन के लिए मुसीबत बन गई थी। बच्चों पर कुत्तों के हमले को लेकर कई जानकार व विशेषज्ञों की टीमों को भी जांच के लिए बुलाया गया था। कुछ खूंखार कुत्तों को ग्रामीणों ने पीटकर मार डाला था। काफी कोशिशों के बाद पुलिस प्रशासन कुत्तों के हमलों की घटनाओं पर काबू कर पाया था।