कलेक्ट्रेट गेट पर तैनात पुलिस फोर्स।
- फोटो : amar ujala
सीतापुर। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण की बुधवार को नामांकन अधिसूचना जारी की गई। इसके जारी होते ही कलेक्ट्रेट परिसर में चुनावी चहलकदमी तेज हो गई। नामांकन के पहले दिन कलेक्ट्रेट के जिलाधिकारी न्यायालय में बैठकर संबंधित प्रभारी अधिकारी नामांकन व एआरओ प्रत्याशियों के आने का इंतजार करते रहे मगर सीतापुर संसदीय सीट से निर्दलीय समेत किसी भी राजनीतिक दल का उम्मीदवार परचा दाखिल करने नहीं पहुंचा।
हालांकि इस सीट के लिए कांग्रेस, बसपा-सपा गठबंधन के प्रत्याशी समेत 15 दावेदार नामांकन पत्र जरूर खरीदकर ले गए। देश में सत्रहवीं लोकसभा के लिए बिगुल बज चुका है। चुनाव आयोग के फरमान पर सीतापुर संसदीय क्षेत्र के लिए पांचवें चरण में यानी छह मई को मतदान होगा। इसके लिए आयोग ने 10 से 18 अप्रैल तक नामांकन कार्यक्रम मुकर्रर कर रखा है।
बुधवार की सुबह पहले जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने लोकसभा चुनाव की नामांकन अधिसूचना जारी की। यह अधिसूचना जारी होते ही सीतापुर संसदीय सीट के लिए आवंटित डीएम न्यायालय में जिला निर्वाचन अधिकारी अखिलेश तिवारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय पाठक व प्रभारी अधिकारी, नामांकन व एआरओ, सिटी मजिस्ट्रेट पीपी उपाध्याय नामांकन पत्र आने के इंतजार में बैठ गए।
पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू नामांकन प्रक्रिया अपराह्न तीन बजे तक चली, लेकिन इस अवधि में किसी ने भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। हालांकि बीच कांग्रेस प्रत्याशी कैसरजहां, बसपा-सपा गठबंधन के प्रत्याशी नकुल दुबे समेत 15 संभावित दावेदारों ने परचे जरूर खरीदे।
छावनी में तब्दील हुआ कलेक्ट्रेट परिसर
सीतापुर। लोकसभा चुनाव के तहत बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्ट्रेट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। लालबाग चौराहे से कलेक्ट्रेट की ओर का रास्ता बैरीकेडिंग कर बंद कर दिया गया, जिससे वाहनों की इस तरफ आमद रोकी जा सके । समूचे कलेक्ट्रेट परिसर का सुरक्षा घेरा बनाकर पुलिस बल तैनात किया गया।