सीतापुर। जिले की खेल प्रतिभाओं को अब पंख लगेंगे। उनको सरकारी स्तर पर बेहतर सुविधाएं दिलाई जाएगी। इससे वह अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे। गुरुवार को विधानसभा सदन में पेश हुए प्रदेश सरकार के बजट में जिले में क्रीड़ा स्थल बनाने की मंजूरी दी है।
इससे खेलों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही खिलाड़ियों में निखार भी आएगा। बजट में खेल सुविधाएं मिलने से खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। जिले में सरकारी स्तर पर शहर में मेजर ध्यानचंद स्टेडियम व महमूदाबाद में स्टेडियम बना है। यहां पर विभिन्न खेल होते हैं। इनके प्रशिक्षक भी तैनात हैं।
जिनके जरिए खिलाड़ियों के खेल की प्रतिभा को निखारा जाता है। अब इन खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधा मिलेगी। जिले में एक क्रीड़ा हॉल बनाया जाएगा। साथ ही खेलों की सामग्री भी मौजूद रहेगी। इसके अलावा खेलों के प्रशिक्षित प्रशिक्षक भी हर समय उपलब्ध रहेंगे।
यह गांव स्तर की प्रतिभा को पहले निखारेंगे। उनको सही मंच पर लाने में मददगार साबित होगे। इससे उन खिलाड़ियों को विशेषकर फायदा होगा जो किसी कारणवश सही प्लेटफॉर्म न मिल पाने की वजह से आगे नहीं बढ़ पाते हैं। जबकि उनके अंदर अपार प्रतिभा होती है।
बस उन्हें एक सही मार्गदर्शक की जरुरत होती है। अब यह सब समस्याएं दूर होंगी। हर खिलाड़ी को बेहतर माहौल मिलेगा। इससे खिलाड़ियों में खुशी है। खिलाड़ियों का कहना है कि अगर जिले में सुविधा मिलने लगे तो तमाम खिलाड़ी जिले से ही निकलेंगे जो राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकेंगे।
ग्राम स्तर पर बनेंगे स्टेडियम
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की तरफ से ग्रामीण स्तर की खेल सुविधाएं बढ़ाने के लिए ग्रामीण स्तर पर स्टेडियम बनवाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जिसमें सिधौली, बिसवां, रेउसा, महमूदाबाद, मछरेहटा में स्टेडियम बनाया जाएगा। इन स्टेडियम में खेल प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच मिलेगा।