शिक्षक व ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर पाया काबू
संदना (सीतापुर)। प्राथमिक विद्यालय करनपुर में मंगलवार को मध्याह्न भोजन बनाए जाते समय गैस सिलिंडर के पाइप में रिसाव से आग लग गई। आग की लपटें देख स्कूल में हड़कंप मच गया। शिक्षक व ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
अग्निकांड में रसोइया व एक शिक्षक सहित चार लोग झुलस गए। जिन्हें सीएचसी मिश्रिख में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की खबर पाकर बीएसए व एबीएसए गोंदलामऊ पीड़ितों का हाल जानने जिला अस्पताल पहुंच गए।
बेहतर इलाज के लिए बीएसए ने जिला अस्पताल से रसोइया को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर करवा दिया। विकासखंड गोंदलामऊ के प्राथमिक विद्यालय करनपुर के रसोईघर में मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन बनाया जा रहा था। इसी बीच गैस सिलिंडर के पाइप में रिसाव होने से अचानक आग लग गई।
आग की लपटें देख स्कूल में हड़कम्प गया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण भी स्कूल पहुंच गए। शिक्षक रामसनेही स्कूल में मौजूद अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने में जुट गए। जबकि ग्रामीण पानी व अन्य तरीकों से मदद करने लगे। आग पर समय रहते काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा तो टल गया।
मगर रसोइसा राजकुमारी निवासी करनपुर और दूसरी रसोइया का पति रामस्वरूप निवासी नेवादा आग की चपेट में आने से जबकि शिक्षक रामसनेही और ग्रामीण राहुल अवस्थी आग बुझाने के दौरान झुलस गए। इस हादसे की सूचना पर एबीएसए गोंदलामऊ ने स्कूल पहुंचकर सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मिश्रिख पहुंचाया।
हालत नाजुक देख राजकुमारी, रामस्वरूप व रामसनेही को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल से रसोइया राजकुमारी को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
बीएसए और एबीएसए ने दी आर्थिक सहायता
जिला अस्पताल पहुंचे बीएसए अजय कुमार ने झुलसी रसोइया को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजवाने की व्यवस्था करते हुए उसके पति सियाराम को आर्थिक मदद के तौर पर पांच हजार रुपये की नकद प्रदान किया। जबकि एबीएसए गोंदलामऊ शैलेन्द्र शुक्ल ने 10 हजार रुपये दिए हैं।
अफरा-तफरी से घबराए बच्चे, चले गए घर
प्राथमिक विद्यालय करनपुर में 88 बच्चे पंजीकृत हैं। मंगलवार को महज 33 बच्चे स्कूल आए थे। सभी अपनी कक्षा में थे, इसी बीच हादसा हो गया। शिक्षक व ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। अफरातफरी मचने से घबराए बच्चे अपने-अपने घर चले गए।
एमडीएम बनाते समय गैस पाइप में लीकेज से आग लग गई थी। स्कूल में अग्निशमन यंत्र मौजूद थे। शिक्षक ने उनका उपयोग कर और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। हादसे में झुलसे लोगों का हाल अस्पताल जाकर लिया है। बेहतर इलाज कराया जा रहा है।
-अजय कुमार, बीएसए