फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धनतेरस पर जमकर बरसा धन, सवा अरब का हुआ कारोबार

विज्ञापन
विज्ञापन
वाहन, इलेक्ट्रॉनिक, सराफा, कपड़ा व बर्तन बाजार में देर रात तक रही रौनक
विज्ञापन

सीतापुर। धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर जमकर धन बरसा। इलेक्ट्रॉनिक, सराफा, कपड़ा, वाहन व बर्तन बाजार में जमकर खरीदारी हुई। सोमवार को जिले में करीब सवा अरब रुपये का कारोबार हुआ। अकेले 40 करोड़ के वाहन ही बिक गए। वहीं बर्तन दुकानों पर खड़े होने तक की जगह नहीं बची। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।

धनतेरस का सुबह 5.30 बजे शुभ मुहूर्त शुरू हुआ। इस मुहूर्त में लोगों ने खरीदारी करनी शुरु की। सुबह नौ बजे तक मार्केट में कम रौनक थी। जैसे-जैसे समय बढ़ता गया बाजार में रौनक बढ़ती गई। दोपहर 12 बजे के बाद हाल ये था दुकानों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी।
विज्ञापन


लालबाग बाजार में पैदल निकलना ही मुश्किल हो रहा था। वाहन मार्केट में जहां बाइक खरीद पर हेलमेट फ्री दिया जा रहा था तो वहीं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की खरीद पर मोबाइल व चांदी के सिक्के समेत अन्य ऑफर मिल रहे थे। इस ऑफरों को लोगों ने जमकर फायदा उठाया।

मुहूर्त के समय के अनुसार ही अपने वाहन शोरूम से बाहर निकाले। बर्तन बाजार में चम्मच, कटोरी, गिलास आदि की खूब खरीद हुई। एक दुकान पर कई लोग सामान दे रहे थे फिर भी डिमांड पूरी नहीं कर पा रहे थे। पूरे जिले में करीब सवा अरब का कारोबार हुआ। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। लोग खरीदारी करने में मशगूल रहे।

40 करोड़ के बिके गए वाहन
धनतेरस पर सबसे अधिक वाहन बाजार गुलजार रहा। लोगों ने शुभ मुहूर्त के चक्कर में वाहनों की एडवांस बुकिंग करा रखी थी। सुबह होते ही कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए वाहन खरीद लिए। दो पहिया वाहन शोरुमों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। यहां पर वाहन की खरीद पर एक हेलमेट फ्री दिया जा रहा है।

बाइक व्यापारी अरुण सिंह ने बताया कि करीब तीन हजार बाइकों की खरीद हुई है। वहीं अगर चार पहिया वाहनों की बात करें तो यहां पर करीब 200 वाहन बिके। सेल्स मैनेजर सचिन शुक्ला ने बताया कि यह सभी वाहन एडवांस में बुक कराए गए थे। सोमवार को केवल एडवांस वाले ही वाहन दिए गए। इससे वाहन बाजार करीब 40 करोड़ के आंकड़े तक पहुंच गया।

20 करोड़ के बिके इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
वाहन खरीद के बाद दूसरे नंबर पर इलेक्ट्रॉनिक बाजार ने धूम मचाई। दुल्हन की तरह सजीं दुकानें ग्राहकों का इंतजार कर रही थी। शोरुम मालिकों ने चाय-नाश्ता कराकर लोगों को सामान दिया। इस बाजार में ऑफरों की झड़ी लगी थी।

टीवी, फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन, गीजर, एलईडी सहित अन्य उत्पादों पर मोबाइल, प्ले किट, मिठाई आदि सामान दिए जा रहे थे। पहले लोगों ने इनको स्टार्ट करके देखा। उसके बाद कलर पसंद करते हुए इनकी खरीदारी की। व्यापारी सुभाष ने बताया धनतेरस में पूरे जिले में करीब 20 करोड़ के इलेक्ट्रानिक उपकरण की बिक्री हुई।

गुलजार रहा कपड़ा बाजार
कपड़ा बाजार भी रौनक से भरपूर रहा। खासकर महिलाओं ने इस बाजार की रौनक बढ़ाने में अहम भूमिका अदा की। उन्होंने साड़ी, लहंगा चुन्नी, सलवार सूट आदि की खूब खरीदारी की। व्यापारी मोनू ने बताया कि लड़कों ने जहां जींस पैन्ट की खरीद की। वहीं महिलाओं ने महंगी साड़ियां अधिक पसंद कीं। दो हजार रेंज तक की खूब साड़ी बिकी। कपड़ा बाजार में करीब पांच करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।

गिलास व कटोरी की हुई खूब बिक्री
बर्तन बाजार यह एक ऐसा बाजार था जहां पर दस रुपये से लेकर दस हजार तक का सामान बिका। सभी लोगों ने धनतेरस पर कोई न कोई बर्तन जरुर खरीदा। बर्तन बाजार में फैन्सी गिलास, कटोरी, मग, थाली, बाल्टी सहित अन्य क्रॉकरी की बिक्री हुई।

लोगों ने सुबह से ही दुकान पर पहुंचकर बर्तनों की खरीद की। व्यापारी अचल गुप्ता ने बताया कि पूरे जिले में करीब 30 करोड़ के बर्तनों की बिक्री हुई है। यह पिछले बरस की तुलना में अधिक है। इस बार ग्राहकों ने मीडियम रेंज के कुछ अधिक ही बर्तन पसंद किए हैं।

सराफा बाजार में 30 करोड़ का कारोबार
सर्राफा बाजार गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति, चांदी का सिक्का, पायल, बिछिया से गुलजार रहा। अधिकतर ग्राहकों ने इस दिन सोने की अपेक्षा चांदी का सामान अधिक खरीदा। चांदी सिक्का जहां पांच सौ से पांच हजार तक का पसंद किया गया है।

वहीं मूर्ति दो हजार से लेकर 10 हजार रुपये तक की खूब बिकी। व्यापारी हर्षित ने बताया कि सर्राफा बाजार में करीब 30 करोड़ की बिक्री होने की उम्मीद है। इस बार पिछले बरस की तुलना में अधिक ग्राहक आए है। अब नोटबंदी व जीएसटी का असर नहीं रहा है।

बताशा, खील की भी खूब हुई खरीदारी
गणेश-लक्ष्मी की पूजा-अर्चना में बताशा व खील प्रयोग में लाई जाती है। इसको लेकर शहर में जगह-जगह पर दुकानें सजी थी। लोगों ने गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति खरीदने के बाद बताशा व खील की दुकान पर पहुंचकर जरूरत के अनुसार खील खरीदी। इसके अलावा माला, अगरबत्ती, मोमबत्ती की भी बिक्री हुई।
विज्ञापन


खरीद पर ऑफर से ग्राहक गदगद
अजय कुमार ने बाइक खरीदी है। अजय का कहना है कि बाइक पर हेलमेट फ्री दिया गया है। साथ ही सुरक्षित ड्राइव करने की अपील की गई है। यह बहुत ही सही पहल है। इससे जागरूकता आएगी। हर्षित तिवारी ने बाइक सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदे। इससे वह धनतेरस पर बहुत खुश हैं। हर्षित का कहना है कि आज खरीदने से एक तो शुभ मुहूर्त था वहीं ऑफर भी मिल रहा था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें