वन विभाग की टीम ने काफी तलाशा पर नहीं मिला
लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में शारदा नदी के किनारे बुधवार को एक मगरमच्छ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। भारी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। उनकी चहलकदमी से मगरमच्छ नदी में चला गया। खबर पाकर वन विभाग की टीम ने पहुंचकर काफी तलाश की। लेकिन मगरमच्छ नहीं मिला। वन विभाग के अफसरों के मुताबिक मगरमच्छ वहां से चला गया है।
कोतवाली क्षेत्र में शारदा नदी के तटवर्ती गांव रतौली डीह के ग्रामीणों ने नदी के किनारे बुधवार की सुबह एक मगरमच्छ दिखाई देने का दावा किया है। ग्रामीण सुमित गिरी, राकेश द्विवेदी, आशुतोष द्विवेदी, सर्वेश पांडेय व लवकुश आदि ने बताया कि मगरमच्छ नदी के बाहर धूप में बैठा था। मगरमच्छ देख हड़कंप मच गया।
कुछ ही देर में भारी संख्या में लाठी-डंडे लेकर ग्रामीण वहां पहुंच गए। लेकिन इससे पहले ही मगरमच्छ नदी में चला गया। फॉरेस्टर गिरीश पाल सिंह ने बताया कि सूचना पर विभागीय टीम ने पहुंचकर काफी तलाश की लेकिन मगरमच्छ नहीं मिला। बाढ़ के पानी में बहकर आने की संभावना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि शायद वह इस क्षेत्र से चला गया है।