रसोइयों को खाना बनाने की मिलेगी ट्रेनिंग
अगस्त से बीआरसी पर शुरू होगा प्रशिक्षण
सीतापुर। परिषदीय विद्यालय की रसोइयों को अब खाना पकाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। उनको खाना पकाते समय साफ सफाई के तौर तरीके व गुणवत्ता की बात सिखाई जाएगी। इससे वह नौनिहालों को अच्छी तरीके से साफ व स्वस्थ्य भोजन परोस सकें। इसको लेकर शासन ने निर्देश जारी किए हैं।
परिषदीय विद्यालय के नौनिहालों को स्कूल की तरफ से भोजन मुहैया कराया जाता है। इस भोजन को स्कूल में रसोइये पकाते हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मुआयने के समय भोजन बनाते समय गंदगी व गुणवत्ता खराब होने की अक्सर शिकायतें मिलती रहती हैं। इस पर शासन ने रसोईयों को ट्रेनिंग देने का निर्णय लिया है। यह ट्रेनिंग प्रत्येक बीआरसी पर अगस्त के प्रथम सप्ताह में दी जाएगी। इसमे संकुलवार रोजाना ट्रेनिंग होगी। इस ट्रेनिंग में बीईओ व कंप्यूटर ऑपरेटर एक वीडियो दिखाकर रसोइयों को ट्रेड करेंगे। इसमें रसोईयों को खाना बनाते किन-किन बातो का ध्यान रखना चाहिए यह बताया जाएगा। साथ ही रसोईघर की साफ सफाई के तौर-तरीके बताए जाएंगे। इसका फायदा जनपद के करीब 11 हजार रसोइयों को होगा।
अगस्त में होगी ट्रेनिंग
रसोइयों को भोजन पकाने की अगस्त में ट्रेनिंग दी जाएगी। संकुलवार रसोइयों को बुलाकर उनको ट्रेंड किया जाएगा।
बृजमोहन सिंह, डीसी एमडीएम