सीतापुर। महोली विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय मस्जिद के 11 नौनिहालों ने सफलता अर्जित की है। इन नौनिहालों का चयन राष्ट्रीय छात्रवृत्ति, जवाहर नवोदय विद्यालय व राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय की प्रवेश परीक्षा हुआ है। यह उपलब्धि उन्हें केआईडीएफ संस्था के तरफ से विद्यालय में चलाई गई निशुल्क कोचिंग की वजह से मिली है।
प्रधानाध्यापक संजय प्रकाश शुक्ला ने बताया कि पिछले साल मई व जून में केआईडीएफ संस्था की तरफ से विद्यालय में कोचिंग संचालित की गई। इसमें कक्षा पांच व कक्षा आठ के नौनिहालों को तैयारी करवाई गई। इसी का परिणाम है कि रोहित, अभ्युदय, अरूण, गुलशन, विशाल, अनुराग, आदित्य व सौम्या का चयन राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में हुआ है। पुस्कर का राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, गौरी अवस्थी व गोविंद का जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में चयन हुआ है।
शनिवार को विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों व उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। केआईडीएफ के पदाधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि इस मुहिम में सीडीओ निधि बंसल व बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान संस्था की तरफ से जेसी उत्प्रेती, मनीष गर्ग सहित अन्य मौजूद रहे।