सीतापुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय की ओर से बृहस्पतिवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया। जिला प्रशासन के सहयोग से कराई गईं प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। तैराकी में 108 व एथलेटिक्स में 112 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
तैराकी बालक-बालिका प्रतियोगिता तरणताल स्टेडियम और एथलेटिक्स बालक-बालिका प्रतियोगिता स्थानीय मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में हुई। तैराकी प्रतियोगिता में 108 बालक-बालिकाओं और एथलेटिक्स में 112 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी कमाल अहमद ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कत किया।
तैराकी की बालक वर्ग की 25 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक स्पर्धा में जयंत त्रिपाठी ने पहला, हर्ष ने दूसरा और कोविंद अवस्थी ने तीसरा स्थान हासिल किया। 25 मीटर बटरफ्लाई में आयुष राज प्रथम, अभय श्रीवास्तव द्वितीय और नैतिक कौल तृतीय रहे।
बालिका वर्ग की 25 मीटर फ्री स्टाइल में देविना शुक्ला प्रथम, वैष्णवी द्वितीय और सिद्धि गुप्ता तृतीय रहीं। 25 मीटर बैक स्ट्रोक में अनवी पांडेय प्रथम, आद्या वर्मा द्वितीय और सौम्या पांडेय तृतीय स्थान पर रहीं।
एथलेटिक्स के 800 मीटर बालक वर्ग में अनुभव राज ने प्रथम, अभिषेक पांडेय ने द्वितीय और सूरज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर में रिंकू प्रथम, सचिन द्वितीय और दिव्यांश तृतीय रहे। बालिका वर्ग की गोला फेंक स्पर्धा में शिवानी राजपूत प्रथम, आरुषी द्वितीय और प्रियंका तृतीय रहीं।
200 मीटर में वंशिका पाल प्रथम, हीबा द्वितीय और अनीबिया खान तृतीय रहीं। इस प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में प्रमोद दीक्षित, धीरेंद्र, अजय, पंकज, संतोष कनौजिया समेत अन्य मौजूद रहे। प्रतियोगिताओं का संचालन जिला तैराकी संघ के सचिव एवं जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा ने किया।