जुलाई में नौनिहाल स्कूल में गर्मी से बेहाल नजर आएंगे। कारण, जनपद के 1077 परिषदीय विद्यालयों में बिजली कनेक्शन ही नहीं हैं। ये बिना विद्युत सप्लाई के ही संचालित हो रहे हैं। इससे यहां पर पंखे व बल्ब की कोई व्यवस्था नहीं है। हालांकि विभाग जल्द ही कनेक्शन करवाने की बात कह रहा है।
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले नौनिहालों को कान्वेंट स्कूल की तरह पंखे व बल्ब की सुविधा मिले, इसके लिए सरकारी विद्यालयों में बेसिक शिक्षा विभाग ने विद्युत कनेक्शन कराए हैं। चुनाव में पोलिंग बूथ के कारण अधिकांश परिषदीय विद्यालयों में बिजली पहुंच गई थी।
अब उन्हीं स्कूलों में कनेक्शन नहीं हैं, जहां पर पोलिंग बूथ नहीं बनाया गया था। विभाग के मुताबिक जनपद में 3015 प्राथमिक विद्यालय हैं। इनमें 2425 विद्यालयों में कनेक्शन हैं। जबकि 590 विद्यालय आज भी बिजली की राह ताक रहे हैं।
इसी प्रकार 1148 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। जिनमें 661 विद्यालय विद्युत आपूर्ति से आच्छादित हैं। जबकि 487 विद्यालय आज भी बिना बिजली के चल रहे हैं। अब एक माह का ग्रीष्मकालीन अवकाश हो चुका है।
लाई में स्कूल खुलेंगे, तो नौनिहाल गर्मी से बेहाल नजर आएंगे। बिना विद्युत कनेक्शन वाले स्कूलों में पंखे की कोई व्यवस्था नहीं है। हालांकि विभाग का कहना है शासन की तरफ से विद्युत कनेक्शन को लेकर तेजी से कार्रवाई चल रही है। इसको लेकर सूचना मांगी गई थी। उसको भेज दिया गया है। उम्मीद है जल्द ही यहां पर भी विद्युत सप्लाई शुरू हो जाएगी।