सकरन थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह कॉलेज जा रहा शिक्षक जीप समेत शारदा नहर में जा गिरा। वहीं जीप में सवार साथी किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया। हादसे के करीब एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने जीप को नहर से बाहर निकाला लेकिन शिक्षक का कुछ पता नहीं चल सका था।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसा सड़क पर अचानक आए एक बालक को बचाने में हुआ। हालांकि बालक को एक अन्य वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
तालगांव के ग्राम दौंदापुर निवासी राजेंद्र प्रसाद पांडेय (57) बिसवां स्थित हनुमत रामेश्वर दयाल इंटर कॉलेज में अध्यापक हैं।
शनिवार सुबह दस बजे वे अपनी जीप से कॉलेज के लिए निकले। गाड़ी में सकरन के महराज नगर निवासी राजेश मिश्र (53) भी सवार थे। सलेमपुर गांव के निकट बिसवां-लहरपुर मार्ग पर अचानक एक बालक आ गया। बच्चे को बचाने में जीप अनियंत्रित हो गई और राजेंद्र जीप समेत सीधे शारदा नहर में जा गिरे।
हालांकि राजेश किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए लेकिन राजेंद्र का पता नहीं चला। उधर, शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। तत्काल सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस हादसे के करीब एक घंटे बाद 11:30 बजे मौके पर पहुंची। इससे नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
लोगों का गुस्सा भांप सकरन थानाध्यक्ष नावेंद्र सिंह सिरोही ग्रामीण गोताखोरों के साथ नहर में उतर गए और राहत कार्य शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक इन लोगों ने नहर को खंगाला लेकिन शिक्षक का पता नहीं चल सका। इसके बाद जेसीबी की मदद से जीप को नहर से बाहर निकाला गया। खबर लिखे जाने तक राजेंद्र का पता नहीं लग सका था।
हादसे का शिकार हो गया बालक
जिस बालक को बचाने में राजेंद्र जीप समेत शारदा नहर में गिर गए। वह बालक जीप नहर में गिरने बाद भी हादसे से नहीं बच सका। जीप के पीछे आ रहे एक अन्य वाहन ने उसे टक्कर मार दी। बालक को नाजुक हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
सकरन के ग्राम रड़ा निवासी नसीर का पुत्र इमरान (6) रिश्तेदारी में सलेमपुर निवासी इदरीश के घर आया था। यहां शनिवार को वह सड़क पर आ गया, तो उसी दौरान राजेंद्र जीप से गुजर रहे थे।
बालक को बचाने में राजेंद्र जीप समेत शारदा नहर में गिर गए, लेकिन पीछे चल रही एक कार ने बालक को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। जबकि टक्कर लगने की वजह से बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने घायल बालक को बिसवां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने नाजुक हालत को देखते हुए उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है।