आवागमन बाधित होने से परेशान रहे राहगीर
सीतापुर। कोतवाली से चंद कदम दूर जीआईसी चौराहे पर मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे एक बस व कार चालक की रंगबाजी के चलते लोगों को करीब 10 मिनट तक दुश्वारियां झेलनी पड़ीं। वहां जाम लग गया। आमने-सामने आ गए दोनों वाहनों के चालक पीछे हटने तैयार नहीं थे और दोनों एक-दूसरे को आंख तरेरते रहे।
दरअसल कोतवाली की ओर से एक प्राइवेट बस कोट उजागर लाल इंटर कॉलेज की ओर जाने के लिए मुड़ी थी। जब बस मुख्य जीआईसी चौराहे पर मुड़ने वाली थी, तभी सामने से एक कार आ गई। बस का हिस्सा ज्यादा मुड़ चुका था। वह चुंगी की ओर से लालबाग जाने वाले मार्ग को आधा कवर कर चुकी थी।
सामने कार आ गई तो पूरा रास्ता बंद हो गया। इस दौरान छोटे वाहन जैसे स्कूटर-बाइक आदि तो निकलते रहे, लेकिन बड़े वाहनों का संचालन ठहर गया। बस वाला कार चालक से आगे से हटने का इशारा कर रहा था, लेकिन कार चालक ने वहीं वाहन रोक दिया।
दोनों वाहन चालकों ने अपने वाहन बंद कर दिए। अपनी ठसक व रंगबाजी के चलते करीब 10 मिनट तक दोनों वाहनों के चालक एक दूसरे पर आंखें तरेरते रहे। कोई पीछे हटने को तैयार नहीं था। उधर आवागमन बाधित होने से लोग परेशान हो रहे थे।
इस बीच कुछ जागरूक नागरिक इस दृश्य को मोबाइल में कैद करने लगे तो कार चालक ने वाहन निकाला और जाम खुला। जबकि वह पहले भी ऐसा कर सकता था। पुलिस इस घटना की जानकारी से इंकार रही है। पर लोग शहर में पुलिस के इकबाल पर सवाल उठा रहे हैं।