बुजुर्ग से टप्पेबाजी कर 20 हजार रुपये उड़ाए
पिसावां (सीतापुर)। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक की स्थानीय शाखा से 20 हजार रुपये निकालकर घर जा रहे बुजुर्ग से टप्पेबाज ने रकम हथिया ली और बाइक से भाग निकला। पीड़ित ने घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
महोली के करौदिया में रहने वाले आत्माराम का इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक शाखा पिसावां में खाता है। आत्माराम के मुताबिक इन दिनों वह अपने आवास में निर्माण कार्य करा रहा है। इसीलिए शनिवार को बैंक से रुपये निकालने आया था।
दोपहर करीब 12 बजे रुपये निकालकर जैसे वह बैंक से बाहर निकला, एक युवक ने कहा कि पापा आपसे मिलना चाहते हैं। आप मेरे साथ बाइक से चलिए। युवक ने दस रुपये निकालकर बुजुर्ग से मसाला लेने और खुद बाइक लाने की बात कहकर रुपयों भरा झोला पकड़ने के लिए ले लिया।
बुजुर्ग मसाला लेने गया कि इसी बीच टप्पेबाज रुपयों वाला झोला लेकर बाइक से रफूचक्कर हो गया। दिनदहाड़े बैंक के सामने से टप्पेबाजी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित ने तहरीर पुलिस को दी है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है।