माइनर कटी, 100 बीघा फसल डूबी
किसानों ने सिल्ट सफाई नहीं होने से पटरी कटने का लगाया आरोप
लहरपुर (सीतापुर)। पानी के दबाव से लहरपुर माइनर की कमजोर पटरी कट गई। मोहद्दीनपुर पुलिया के पास माइनर की पटरी कटने से करीब 100 बीघा फसल डूब गई। हालांकि पानी आगे जाकर ड्रेन में गिरने से नुकसान कम हुआ है। माइनर की पटरी कटने से किसानों में सिंचाई विभाग के अफसरों की लापरवाही को लेकर आक्रोश है।
क्षेत्र से होकर निकलने वाली लहरपुर माइनर में हाल में ही पानी आया है। शनिवार देर रात मोहद्दीनपुर पुलिया के करीब कमजोर माइनर की पटरी पानी का तेज दबाव रोक नही पाई और लगभग दो मीटर पटरी कट गई। पटरी कटते ही माइनर का पानी आसपास के खेतों में भरने लगा। लिहाजा, किसान राम सजीवन, तेजराम, उमेश, अशोक कुमार, रफीक, विनोद, रामप्रसाद, सुरेंद्र, मुन्नूलाल व ओम प्रकाश आदि खेतों में लगी करीब 100 बीघा फसल पानी में डूब गई। किसानों के मुताबिक खेतों से जल्द पानी नहीं निकला तो फसल सड़ जाएगी। ऐसी दशा में भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। हालांकि माइनर का पानी निचले खेतों से होता हुआ आगे स्थित ड्रेन में गिर रहा है, जिसके चलते नुकसान कम हुआ है। किसानों का आरोप है कि माइनर में पिछले कई वर्षों से सिल्ट सफाई नहीं कराई गई है। इससे पानी आगे नही बढ़ पाता और पटरी पर दबाव बढ़ने से पटरी कट जाती है। किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कि अभी तक पानी की जरूरत थी, तब माइनर सूखी पड़ी रही। अब कई किसानों ने निजी ट्यूबवेल से खेत भरे, वहीं बरसात भी हो गई तो माइनर में पानी छोड़ दिया गया। रविवार को क्षतिग्रस्त माइनर पटरी दुरुस्त नहीं किए जाने से दुर्गीपुरवा और गुलरी पुरवा, बरगदहा, दर्जिन पुरवा, मूडीकेरा आदि गांव के आसपास खेतों में पानी भरने लगा है। इस संबंध में अवर अभियंता मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द ही क्षतिग्रस्त पटरी दुरुस्त कराने की कवायद की जा रही है।