उपकेंद्र पर जड़ा ताला, एसएसओ को बनाया बंधक
पिसावां (सीतापुर)। पिसावां कस्बे में अघोषित बिजली कटौती से नाराज होकर बाशिंदे उग्र हो गए। उपकेंद्र में तालाबंदी करते हुए एसएसओ को बंधक बना लिया। करीब एक घंटा तक बंधक बनाए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला खुलवाकर एसएसओ को आजाद कराया। प्रदर्शनकारियों को रोस्टर के मुताबिक विद्युत आपूर्ति करने का भरोसा दिया।
पिसावां कस्बे में लगातार विद्युत कटौती जारी है। मंगलवार रात नौ बजे गुल हुई बिजली रात में मुश्किल से एक घंटा ही आई। इससे लोगों की नींद खराब हुई। उसके बाद सुबह से तीन बजे तक बिजली गुल रही। इससे बाशिंदों के सब्र का बांध टूटा गया। वहीं सीधे प्रदर्शन करते हुए उपकेंद्र पहुंचे।
यहां पर स्टेशन इंचार्ज दीपक कुमार को बंधक बना लिया। जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग पर अड़ गए। तालाबंदी करके जोरदार नारेबाजी की। उसके बाद शिकायत मिलने पर पहुंची यूपी-100 पुलिस ने ताला खुलवाकर एसएसओ को आजाद कराया। प्रदर्शनकारियों को जल्द आपूर्ति दिए जाने की आश्वासन देकर शांत कराया। इससे करीब एक घंटे तक उपकेंद्र पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।
फोन नहीं उठाते जेई
पिसावां व मिश्रिख इलाके की विद्युत आपूर्ति बहुत ही खराब हो चुकी है। इससे लोगों का आए दिन गुस्सा सड़क पर उतर रहा है। इसमें इलाके जेई की मनमानी कार्यशैली भी कम जिम्मेदार नहीं है। सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि वे किसी का फोन नहीं उठाते हैं अगर धोखे से उठा लिया तो किस कारण बिजली गुल है उसका सही कारण नहीं बताएंगे।
गलत टाइमिंग बताकर टाल देते हैं। अगर उपभोक्ता को सही जानकारी मिल जाए तो वह राहत महसूस करता है। जबकि इससे पहले भी इनकी फोन न उठाने की शिकायत हुई जिस पर अधिशाषी अभियंता ने सख्त हिदायत दी थी। लेकिन इन पर अधिशाषी अभियंता के निर्देश का कोई असर नहीं हो रहा है।