सीतापुर। जहांगीराबाद गांव में हेपेटाइटिस संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की 10 टीमों ने 259 मकानों में रह रहे 1177 लोगों का सैंपल लिया। वहीं, बुधवार शाम आई रिपोर्ट में 13 अन्य लोग हेपेटाइटिस संक्रमित पाए गए। अब इस गांव में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 82 हो गई है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डाॅ. दीपेंद्र वर्मा ने बताया कि दो दिन के अंदर सभी लोगों की स्क्रीनिंग पूरी हो जाएगी। इसके बाद गांव में रोग पनपने के कारणों की गहनता से जांच होगी। अभी संक्रमितोंं को तंबौर सीएचसी से ही हेपेटाइटिस की दवा दी जा रही है। इससे लोगों को जिला अस्पताल का चककर नहीं लगाना पड़ेगा।
बिसवां सीएचसी से संबद्ध फिजियोथेरेपिस्ट चिकित्सक योगेंद्र श्रीवास्तव व नेत्र चिकित्सक नवीन श्रीवास्तव ने गांव में खून की जांच कर रही टीमों की मॉनीटरिंग की। दोनों चिकित्सकों ने ग्रामीणों को अपनी तथा परिवार के छह माह से अधिक उम्र के सभी सदस्यों के खून की जांच करवाने के लिए प्रेरित किया। पंचायत भवन सहित गांव में विभिन्न स्थानों पर बूथ लगाकर लोगों के रक्त के नमूने लेकर कार्ड द्वारा जांच की गई। जहांगीराबाद सीएचसी प्रभारी डाॅ. अंशुमान शुक्ल ने बताया कि दस टीमों द्वारा जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से जांच करवाने तथा जांच टीम का सहयोग करने की अपील की।