सीतापुर शहर की सरोजनी वाटिका पार्क का अब कायाकल्प होगा। इस पर करीब 180 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले चरण में पौने 29 लाख रुपये का बजट रिलीज किया गया है। यह कवायद केंद्र सरकार की अमृत योजना के तहत होगी।
इस पर प्रशासन ने कार्यदायी संस्था का चयन करते हुए काम शुरू कराने के निर्देश दिए है। मालूम हो कि केंद्र सरकार ने अमृत योजना शुरू की है। इस योजना के तहत सीतापुर नगरपालिका का चयन हुआ है। जिसमें शहरी बाशिंदों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी।
अमृत योजना के तहत शहर का सीवरेज सिस्टम, पार्क व पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त होगी। इसको लेकर शासन ने नगरपालिका से डीपीआर मांगी थी। जिस पर प्रशासन ने सरोजनी वाटिका पार्क के लिए 2 करोड़ की डीपीआर बनाकर भेजी थी।
जिस पर एक 180 लाख की डीपीआर मंजूर हो गई थी। लेकिन इधर चुनाव के कारण बजट मिलने में देरी हो रही है। अब जब चुनाव समाप्त हो गया तो केंद्र सरकार ने प्रथम चरण का 28 लाख 75 हजार रुपये का बजट आवंटित किया है।
इस बजट से पार्क में बाउंडीवॉल बनवाई जाएगी। बच्चों के लिए शानदार झूले व लाइट वाले फौव्वारे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही यहां पर योग केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा पैदल टहलने के लिए फुटपाथ बनाया जाएगा।
वही पार्क की सुंदरता में चार चांद लगे इसके लिए आकर्षक गेट बनवाया जाएगा। पुराने टीन शेड को बदलकर नए लगाए जाएंगे। इससे पार्क आने वाले लोगों को बेहतरीन सुविधाएं मिलेगी।