संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रमवापुर उर्फ नेबुआ गांव के पास मंगलवार की रात एक कार बेकाबू होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य घायल हो गए। उनका बस्ती जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, परिवार के लोग शव लेकर घर चले गए।
बताया जा रहा है कि पांचों लोग आर्केस्ट्रा देखकर लौट रहे थे तभी हादसे का शिकार हो गए। भवानीगंज थाना क्षेत्र के बयारा गांव निवासी असलम शाह (23) पुत्र हसरत शाह, जमील (30) पुत्र यूनुस, महताब (23) पुत्र वलीउल्लाह, याक़ूब (22) पुत्र ताज मोहम्मद तथा सोनू (19) पुत्र कादिर एक कार से बुधवार की रात्रि लगभग 12 बजे आर्केस्ट्रा देखकर घर आ रहे थे। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रमवापुर उर्फ नेबुआ गांव के पास एक मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। गाड़ी में सवार लोगों की चीख पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में घायल सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा लाया गया। जहां डाॅक्टरों ने असलम शाह पुत्र हसरत शाह को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में घायल चार अन्य को उनके परिजन घर ले गए। इसमें महताब व याक़ूब को उनके परिजन इलाज के लिए बस्ती ले गए।
इस संबंध में डुमरियागंज थानाध्यक्ष श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस गई थी। स्वजन घटना स्थल से गाड़ी व घायलों को लेकर चले गए थे।