प्रेम-प्रसंग में की गई थी युवक की हत्या, तीन आरोपित गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर। बाबूराम हत्याकांड का एसओजी और मिश्रौलिया थाने की पुलिस की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश कर दिया। हत्या में शामिल तीन हत्यारोपियों को पुलिस ने रविवार को क्षेत्र के गुलेरिया मोड से गिरफ्तार कर लिया। रस्सी से गला कसकर युवक की हत्या की गई थी। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस लाइंस सभागार में रविवार को प्रेसकांफ्रेंस में एएसपी सुरेशचंद रावत ने इस मामले के पर्दाफाश की जानकारी दी। एएसपी ने बताया कि मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के बहोरवा घाट गांव निवासी बाबूराम संदिग्ध हाल में लापता हो गए थे। गांव के बाहर से गुजरने वाली बूढ़ी राप्ती नदी के किनारे उनका शव मिला था। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही थी।
घटना का पर्दाफाश करने के लिए एसओजी और मिश्रौलिया थाने की पुलिस की संयुक्त टीम लगी थी। रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्यारोपित क्षेत्र के गुलरिया गांव के पास मौजूद हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना को संज्ञान लेते हुए एसओ मिश्रौलिया पंकज कुमार पांडेय और एसओजी प्रभारी जीवन त्रिपाठी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम को देख तीनों भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करके तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ करने के बाद तीनों का चालान कर दिया गया।
पुलिस बोली, आरोपितों ने गला कसकर मारने का जुर्म कबूला
पुलिस के मुताबिक, बाबूराम का गांव की ही लड़की से नजदीकी थी। इस बात की जानकारी होने के बाद चार माह पूर्व भी लड़की के परिजनों से विवाद हुआ था। परिवार के लोगों ने मना किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने उसी रंजिश में बाबूराम की हत्या कर दी। इसके बाद शव को नदी के किनारे ठिकाने लगा दिया। पूछताछ में आरोपितों ने रस्सी से गला कसकर मारने की बात स्वीकार की है। पकड़े गए हत्यारोपियों में अशर्फी, संतोष, दुर्गा शामिल है। तीनों जेल भेज दिए गए।