सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 28 के बर्डपुर-नौगढ़ रोड पर शनिवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल फैजान (19) की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि साथ तौफीक (23) की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई थी। बुधवार को फैजान ने गोरखपुर के एक निजी अस्पताल से रेफर होने के बाद घर लौटते समय आखिरी सांस ली।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कपिलवस्तु के गोशाला के पास बर्डपुर-नौगढ़ सड़क पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में सिद्धार्थनगर थाना क्षेत्र के भदवल गांव निवासी तौफीक पुत्र हमीदुल्लाह की मौके पर मौत हो गई थी। वहीं, सोनवाल गांव निवासी फैजान पुत्र अनारुल्लाह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस और राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था लेकिन परिवार के लोग एक निजी अस्पताल में उसका इलाज करा रहे थे। मंगलवार को निजी अस्पताल से भी उसे गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया था। परिवार के लोग गोरखपुर के दो निजी अस्पतालों में लेकर पहुंचे, लेकिन दोनों जगहों से उसे रेफर कर दिया गया। एक निजी अस्पताल ने मंगलवार रात को फैयाज की हालत गंभीर देखते हुए घर ले जाने की सलाह दी परिवार के लोग गोरखपुर से गाड़ी से घर ला रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई।