लोटन। कोतवाली क्षेत्र के कौलपुरग्रांट गांव के टोला निबिहवा में सोमवार रात राजभर (28) पुत्र विक्रम राजभर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कमरे में छत के कुंडे से फंदे के सहारे शव लटका हुआ मिला। पुलिस ने लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, कौलपुरग्रांट गांव के टोला निबिहवा मोहन राजभर (28) पुत्र विक्रम राजभर कमरे में छत के कुंडे से फंदे के सहारे लटका हुआ शव मिला। परिजनों ने बताया कि मृतक मोहन का शादी पांच साल पहले जिले के बांसी कोतवाली के ग्राम गुलरिहा के खुशबू के साथ हुई थी। उसका एक दो साल का लड़का कार्तिक भी है। बताया जा रहा है कि मृतक के शराब पीने को लेकर पति-पत्नी में आए दिन तकरार होती रहती थी। इसको लेकर पत्नी पांच माह पहले नाराज होकर मायके चली गई। तभी से वह ससुराल नहीं लौटी।
परिजनों ने बताया कि होली को देखते हुए मृत मोहन ने सोमवार शाम को मोबाइल से अपनी पत्नी से बात की। उसी दौरान दोनों में फिर तकरार हो गई। शराब के नशे में घर आया और कमरे के कुंडे में फंदा लगाकर जान दे दी। जब कमरे से आवाज आई तो अलग रह रहे भाई ने कमरे में झांका तो कुंडी से वह लटक रहा था। जब तक उतारा गया, उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा करके पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष लोटन डीके सरोज का कहना है कि घटना की जानकारी है। शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।