डुमरियागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर स्थित कटया बांध के पास शनिवार की सुबह बेकाबू पिकअप ने एक साइकिल सवार युवक को रौंद दिया। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आसपास के लोगों ने उसे डुमरियागंज पीएचसी पर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप व शव को कब्जे मेें ले लिया है क्षेत्र के शाहपुर निवासी अजमल (20) पुत्र मादे उर्फ अहमद शनिवार की सुबह साइकिल से डुमरियागंज धागा लेने जा रहा था। उसके पिता बस की सीट सिलने का काम करते हैं। अभी वह इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर स्थित कटया बांध के पास पहुंचा ही था कि डुमरियागंज से शाहपुर मंडी की तरफ जा रहे पिकअप ने उसे अपने चपेट में ले लिया।
इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। ग्रामीणों ने उपचार के लिए अजमल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरियागंज पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने शव व पिकअप को कब्जे में ले लिया और मामले की छानबीन में जुट गई है। इस संबंध में शाहपुर चौकी इंचार्ज ओमप्रकाश यादव ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।