कोरोनारोधी टीकाकरण से किशोर उत्साहित
बढ़नी क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर 15-18 आयु वर्ग के लोगों को लगा टीका
संवाद न्यूज एजेंसी
परसा। बढ़नी ब्लॉक क्षेत्र में 15-18 आयु वर्ग के किशोरों में कोरोनारोधी टीकाकरण को लेकर खासा उत्साह नजर आया। बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर कैंप लगा कर टीका लगाया गया। सर्दी का असर कम हुआ तो टीकाकरण कराने में किशोर-किशोरियों का उत्साह बढ़ गया।
तुलसियापुर चौराहे पर स्थित पं. बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नेहरू उमा विद्यालय औदही, बरसाती यादव इंटर कॉलेज पथरदेईया में टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। विद्यालय के कक्षा नौ से 12 तक के उन छात्र-छात्राओं को टीका लगाया गया, जिनकी उम्र 15 से 18 के बीच रही। बढ़नी पीएचसी के एमओआईसी डॉ. एसके पटेल की मौजूदगी में टीकाकरण के बाद छात्र-छात्रा सेल्फी लेते नजर आए। देर शाम तक 250 से अधिक किशोरों को टीका लगाया गया। इस दौरान पानी एनजीओ के बीपीएम दुर्गेश सिंह, वैक्सीनेटर वंदना निषाद, राजन मिश्र, सुरेश चंद चौधरी, आशाराम यादव, संतप्रसाद निषाद, बालगोविंद यादव, धनंजय पाठक, रामकिशोर, विश्वनाथ यादव, सुमेरु गिरि, संदीप पांडेय, कन्हैया लाल यादव, प्रदीप मौर्य, साधना श्रीवास्तव, जितेंद्र शुक्ल आदि मौजूद रहे।
फोटो-
कोरोना से सतर्क रहने की जरूरत, लगवाएं टीका
परसा। कोरोनारोधी टीकाकरण को लेकर किशोरों में काफी उत्साह नजर आया और उन्होंने कोरोना महामारी को लेकर सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। छात्रा रीतू गुप्ता ने टीका लगवाने के बाद कहा कि सभी लोग कोरोना से बचाव के लिए टीका अवश्य लगवाएं। मैं भी अब खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हूं। शेजल मौर्या ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर आ चुकी है। ऐसे में खुद को सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है। सभी को सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करना चाहिए। अस्मिता अग्रहरि ने कहा कि टीकाकरण के बाद वह बहुत खुश हैं। लोगों से भी टीका लगवाने की अपील करती हूं। छात्रा छाया शर्मा ने कहा कि टीका लगने के बाद उनमें आत्मविश्वास जगा है कि वह भी अब सुरक्षित हैं। कोरोना की जंग जीतने के लिए सभी को बढ़-चढ़ कर वैक्सीनेशन करवाना चाहिए। संवाद