तुलसियापुर। खाद्य एवं रसद विभाग ने राशनकार्ड यूनिटों की ई-केवाईसी की समय सीमा 31 मार्च तक बढ़ा दी है। इससे पहले इसके लिए फरवरी तक का समय निर्धारित किया गया था। आपूर्ति विभाग ने सभी कोटेदारों को जल्द से जल्द वृद्धों, दिव्यांगों के घरों में जाकर उनकी ई-केवाईसी करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य व आपूर्ति विभाग के सूत्रों के मुताबिक आपूर्ति विभाग और खाद्य एवं रसद विभाग की तरफ से ई-केवाईसी करवाने के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान कहा कि 31 मार्च के पूर्व सभी राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी कराना सुनिश्चित करें। अगर राशन कार्डधारक हैं, तो ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य है, लेकिन अगर आप इस काम को नहीं करवाते हैं तो आपका राशन कार्ड रद्द हो सकता है। जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर देवेंद्र सिंह की तरफ से जल्द सत्यापन कराने की अपील की गई है। राशन कार्ड से जुड़े प्रत्येक सदस्य की केवाईसी कराना अनिवार्य होगा, जिससे पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ मिल सके। संवाद